खनन की सूचना पर पहुंची पुलिस पर फायरिंग कर खनन माफिया भाग गए। पुलिस ने उन्हें पहाड़ी क्षेत्र में खोजा लेकिन खनन माफियाओं ने राजस्थान सीमा में प्रवेश कर लिया। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
थाना बरसाना क्षेत्र के गांव नाहरा की पहाड़ियों पर बीते कई दिनों से चोरी छिपे खनन हो रहा था। शनिवार को बरसाना थाना प्रभारी फोर्स के साथ खनन वाले स्थान पर पहुंचे तो अवैध खनन में लगे दर्जन भर से अधिक लोगों ने पुलिस पर हमला बोल दिया। पत्थर बरसाने के साथ फायरिंग की। इसके बाद पहाड़ी रास्ते से ट्रैक्टर-ट्राली लेकर भाग गए।
पुलिस ने बाद में कांबिंग भी कराई लेकिन सफलता नहीं मिली। बता दें कि ब्रज क्षेत्र की पहाड़ियों पर लंबे समय से अवैध खनन हो रहा था। संत रमेश बाबा के प्रयासों से सुप्रीम कोर्ट ने 2008 में इस पर रोक लगाई।
मुख्यमंत्री भी ब्रज की प्राचीन पहाड़ियों पर अवैध खनन रोकने के लिए जिलाधिकारी को चेतावनी दे चुके हैं। फिर भी चोरी छिपे खनन जारी है। बरसाना थाना प्रभारी ने बताया कि खनन करने वालों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है।