थाना मगोर्रा पुलिस और इंटेलीजेंस विंग ने हाथरस में 12 दिन पूर्व शस्त्र विक्रेता के यहां से चोरी हुए हथियार और कारतूसों को बिक्री करने ले जा रहे दो लोग दबोच लिए। दोनों के कब्जे से पुलिस ने 12 बंदूक, एक रिवाल्वर और कारतूस बरामद किए हैं।
21 अगस्त की रात हाथरस के कोतवाली क्षेत्र में आर्यसमाज रोड सासनीगेट इलाके में पंजाब आर्म्स एंड एमीनेशन स्टोर में नकब लगाकर चोरों ने 11 इकनाली और पांच दुनाली बंदूक, 10 रिवाल्वर और 3500 कारतूस चोरी किए थे। इस मामले में एसओ मगोर्रा और इंटेलीजेंस विंग प्रभारी शंभूनाथ सिंह को सूचना मिली कि हाथरस के कुछ शातिर चोर चोरी के हथियारों को बोरी में बंद कर बाइक से राजस्थान में बेचने जा रहे हैं।
इस पर टीम ने कार्रवाई कर मथुरा-भरतपुर रोड पर घेराबंदी कर ताज मोहम्मद निवासी गांव दुबई हसायन और हामिद निवासी कोड़ियागंज थाना अकराबाद अलीगढ़ को बाइक और हथियारों संग दबोच लिया। दोनों के कब्जे से सात इकनाली और पांच दुनाली बंदूक, एक रिवाल्वर और 20 कारतूस बरामद किए हैं। एसएसपी ने दोनों पुलिस टीम को 10 हजार रुपये इनाम दिया है।
गुडवर्क के लिए मगोर्रा और हाथरस पुलिस भिड़ी
हाथरस में शस्त्र विक्रेता के यहां हुई चोरी के मामले में मगोर्रा पुलिस की कार्रवाई के बाद हाथरस पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। गुडवर्क को अपने खाते में लाने के लिए दोनों में खींचतान हो गई। मगोर्रा पुलिस की कार्रवाई का पता चलते ही हाथरस पुलिस एसटीएफ, एटीएस को साथ लेकर दबिश वाले स्थान पर पहुंचकर अपना गुडवर्क दिखाने के प्रयास में मगोर्रा पुलिस से बरामद हथियारों को खींचने लगी। पुलिस सूत्रों के अनुसार मगोर्रा पुलिस और इंटेलीजेंस विंग एसपी सिटी शैलेश पांडेय के नेतृत्व में हाथरस की एक अल्पसंख्यक आबादी में दबिश देने गई थी। हथियार बरामद होने और चार लोगों के पकड़ लिए जाने के बाद जब मथुरा पुलिस चलने लगी तभी हाथरस पुलिस पहुंच गई और अपनी साख बचाने के लिए सामान कब्जाने लगी। इसके बाद दोनों में आधा-आधा सामान ले जाने पर सहमति बनी। सूत्रों के अनुसार हाथरस पुलिस कारतूस और जेवरात से लदा एक भारी बक्सा, छह से अधिक रिवाल्वर, एक पिस्टल और छह बंदूकें अपने साथ ले गई।