स्वाट टीम और कृष्णानगर पुलिस ने चेन स्नेचिंग के आरोप में बाइक सवार चार युवकों को दबोच लिया। इनसे लूटी गई 10 चेन भी बरामद की हैं। ये लुटेरे गर्लफ्रेंड का खर्चा उठाने के लिए चेन स्नेचिंग की वारदात करते थे।
बता दें कि दो दिन पहले कृष्णानगर चौकी क्षेत्र में तेजनगर निवासी महिला प्रियंका के गले से दो बाइक सवार युवक चेन तोड़कर भाग गए थे। स्वाट टीम और कृष्णानगर पुलिस ने मामले में साैंख रोड से चांद उर्फ बिल्लू उर्फ गटुआ निवासी शाही मस्जिद डीग गेट गोविंद नगर, वीरू उर्फ वीरेन्द्र निवासी नगला हेमराज राल वृंदावन, अकबर निवासी माधुरी कुंड गोवर्धन और ऋषि गोस्वामी निवासी बद्रीकुंज गोपेश्वर रोड को दबोच लिया।
चारोें के कब्जे से नई पल्सर, अपाचे बाइक और लूटी गई 10 सोने की चेन व तमंचा बरामद हुआ है। एसएसपी डा. राकेश सिंह ने बताया कि गटुआ और वीरू अपनी गर्ल्स फ्रेंड का खर्चा उठाने के लिए चेन स्नेचिंग करते थे। वे चेन को वृंदावन और आसपास के गांवों में सराफ को सस्ती दरों पर बेच देते हैं। बरामद बाइक भी लूट की प्रतीत हो रही हैं। इसमें चांद उर्फ गटुआ पर 12, वीरू पर 10, अकबर पर पांच और ऋषि पर दो मुकदमे दर्ज हैं। एसएसपी ने टीम को 10000 रुपये का ईनाम दिया है।