थाना गोविंद नगर क्षेत्र स्थित ब्रज चिकित्सा संस्थान के नर्सिंग होम संचालक सहित तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट डीएम के आदेश पर दर्ज की गई है।
ब्रज चिकित्सा संस्थान स्कूल ऑफ नर्सिंग पैरामेडिकल कालेज की ओर से जनरल नर्सिंग मिडवाइफ का तीन साल छह माह का डिप्लोमा कराया जाता है। इसके तृतीय वर्ष की कक्षा की परीक्षा शुरू हो गई। इसमें छात्रा कविता चौधरी, माधुरी सिंह, चांदनी और पूनम द्वारा दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उनकी पहले साल में कम नंबर आने पर रीएग्जाम हुआ। उसे अगले साल पास कर लिया।
दूसरे वर्ष में इसी तरह पास कर लिया गया लेकिन संस्थान की ओर से उनके प्रवेश पत्र जारी नहीं किए गए। साल और रुपये खराब होने को लेकर चारों छात्राएं डीएम से मिलीं। डीएम ने संस्थान से छात्रों की परीक्षा कराने के आदेश किए। संस्थान संचालकों ने डीएम के आदेश दरकिनार कर दिए छात्राओं की परीक्षा नहीं कराई।
इस पर गुरुवार को फिर से छात्राएं डीएम से मिलीं। डीएम ने स्पेशल मेसेंजर भेज कर संस्थान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इस मामले में संस्थान के मंत्री गौरव अग्रवाल सहित प्रबंधक और डायरेक्टर के खिलाफ धोखाधड़ी व अवैध वसूली की रिपोर्ट दर्ज कराई है।