बच्चों को घर छोड़कर स्कूल वापस आ रही बस में दर्जनों की संख्या में नशे में धुत शराबियों ने तांडव मचा दिया। सड़क पर नशे में नाचते शराबियों को बस ड्राइवर का हार्न बजाना नागवार गुजरा। शराबियों ने बस पर पथराव करके चालक को पीटना शुरू कर दिया। बचाने में आए गांव के लोगों को भी पीटा। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तीन को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया।
सोमवार की दोपहर में करीब ढाई बजे झम्मन पुत्र विश्राम स्कूल की बस से बच्चों को छोड़कर वापस जा रहे थे। बच्चे एक्स्ट्रा क्लास करने गए थे। इसी दौरान कामां रोड पर वृंदादेवी कुंड मोड़ के समीप दर्जन भर से अधिक शराबी अपनी गाड़ी सड़क के किनारे खड़ी करके बीच सड़क पर नाच रहे थे।
स्कूल बस को निकलने की जगह नहीं मिल रही थी इस पर चालक ने हार्न बजाया तो शराबी बौखला गए। बौखलाए शराबियों ने बस में तोड़फोड़ करते हुए चालक को पीटना शुरू कर दिया। बस के सभी शीशे भी तोड़ दिए। जब स्थानीय लोगों ने बीच बचाव करने का प्रयास किया तो शराबियों ने उन्हें भी लोहे की रॉड और सरिया से पीटकर घायल कर दिया।
इस घटनाक्रम में चालक झम्मन समेत समंदर पुत्र भगवत, विजेंद्र पुत्र परमा और दर्शनवती पत्नी विजेंद्र घायल हो गए। शोर सुनकर अधिक संख्या में स्थानीय लोग आ गए और मारपीट करने वाले तीन शराबियों को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। खबर लिखे जाने तक दोनों पक्षों की ओर से समझौते के प्रयास किए जा रहे थे।