थाना राया क्षेत्र के व्यापारियान मोहल्ले में रविवार की शाम बाइक के कागजात को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। मारपीट के बाद दोनों ओर से जमकर पथराव हुआ। भगदड़ मच गई। पुलिस के पहुंचने पर हालात काबू में आए। पथराव, मारपीट में 6 लोग घायल हैं।
व्यापारी मोहल्ला याकूब ने पड़ोसी मुन्ना से कुछ समय पूर्व उसकी बाइक खरीदी थी। अभी बाइक के कागजात मुन्ना ने नहीं दिए थे। इसी को लेकर विवाद शुरू हुआ। कहासुनी से बात बढ़ी और अपराह्न को दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। सूचना पर पुलिस पहुंची और झगड़ा शांत कराया।
अभी एक घंटा ही गुजरा था कि फिर विवाद हो गया। मारपीट के बाद एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर फेंके जाने लगे। मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। लोग दुकानें बंद कर भागने लगे। सूचना पर फिर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति पर काबू पाया। पथराव में साकिर पुत्र मुन्ना सहित छह लोग घायल हैं। देर शाम तक घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी।
मारपीट में तीन घायल
राया। थाना राया के ग्राम सरदारगढ़ में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। अजीब, सुभाष और प्रीती के साथ गांव के विजय, बौबी और सतीश ने मारपीट की। मारपीट में तीनों घायल हो गए। घटना की रिपोर्ट पूरन ने मारपीट और जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करने की दर्ज कराई है।