हाईवे पर छाता कोतवाली क्षेत्र में स्विफ्ट डिजायर कार सवार पांच बदमाशों ने गुड़गांव के एक परिवार पर तमंचा तान कर उनकी स्कार्पियो गाड़ी और जेवरात लूट लिए। शोर मचाने पर लुटेरे जान से मारने की धमकी देकर चले गए। मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
हुड्डा सिटी सेंटर गुड़गांव के सेक्टर 22 निवासी रवि टंडन पुत्र गोपी चंद टंडन गुड़गांव में ही एमएमपी मल्टीनेशनल कंपनी में कर्मचारी हैं। सोमवार को रात में करीब 11 बजे रवि इलाहाबाद से पत्नी अंजना टंडन और बेटे अंश टंडन के साथ स्कार्पियो गाड़ी से गुड़गांव लौट रहे थे।
तीनों जब रात 11:30 बजे छाता कोतवाली क्षेत्र में हाईवे पर संस्कृति कालेज के निकट से गुजर रहे थे तभी पीछे से तेज गति से आई स्विफ्ट डिजायर कार सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर रवि की गाड़ी रुकवाई। गाड़ी रुकते ही बदमाशों ने रवि, अंजना और अंश की कनपटी पर तमंचे तान दिए।
रवि ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद बदमाशों ने रवि टंडन की पिटाई की और उनकी स्कार्पियो लूटकर चले गए। लुटेरों ने अंजना टंडन के जेवर, नकदी, लैपटाप, मोबाइल, आईपॉड और दो सूटकेस भरे कपड़े व अन्य कीमती सामान भी लूट लिया।
शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी और निकल गए। रवि टंडन ने राहगीरों को रोक कर पुलिस कंट्रोल रूम और छाता पुलिस को सूचना दी। मामले में रवि टंडन ने लुटेरों के खिलाफ छाता कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।