जनपद में शनिवार रात हुई दो वाहन लूट के तार मेरठ और भरतपुर के लुटेरों से जुड़ रहे हैं। आसपास के जनपदों में एक के बाद एक लूट और लूटे गए वाहनों से फिर से लूट के मामलोें में पुलिस छह लुटेरों को चिह्नित कर काम कर रही है।
राजस्थान कोटा के श्रद्धालु अनिल राठी और उनके परिवार से लुटेरों ने शनिवार रात गोवर्धन में इनोवा कार और कासगंज के मिठाई विक्रेता अवधेश अग्रवाल और उनके परिवार से अर्टिगा गाड़ी लूट ली थी। लुटेरे उनसे गहने, नकदी, मोबाइल आदि भी लूट ले गए।
तहकीकात में जुटी मथुरा की स्वॉट टीम और क्रिमिनल इंटेलीजेंस के रड़ार पर मथुरा, आगरा और मेरठ के छह लुटेरे हैं। इनमें एक गैंग की लोकेशन अब भरतपुर में मिलने पर टीम ने भरतपुर डेरा डाल दिया है। दूसरी टीम अलीगढ़ और मेरठ क्षेत्र में काम कर रही है। आगरा के थाना सिकंदरा से छह जनवरी को लूटी गई फॉर्चुनर गाड़ी को लुटेरे देहरादून में लावारिस छोड़कर भाग गए।
किराए पर रहकर करते रहे हैं लूट
लक्जरी गाड़ियों को लूटने और चोरी करने के लिए बदमाश वारदात करने वाले इलाके में किराए पर आलीशान मकान लेकर रहते हैं। इसमें उनके पास लूटी हुई और चोरी की लक्जरी गाड़ियां भी होती हैं। मकान मालिक को वे यमुना एक्सप्रेसवे पर ठेकेदार बताते हैं और सुबह से ही गाड़ियां लेकर इलाके के गांव, देहात के रास्तों की रैकी करने निकल जाते हैं। मकान मालिक को एडवांस किराया देकर 10, 20 दिन में दो-चार लूट की घटना कर सामान लेकर गायब हो जाते हैं। रहने के लिए वे चंद सामान ही साथ रखते हैं। पुलिस सूत्र बताते हैं कि दोनोें गाड़ियों की लूट से पहले लुटेरों ने टाउनशिप स्थित एक कालोनी में करीब एक माह पूर्व किराए पर मकान लिया था। अब वे भाग गए। पुलिस टीम ने उनके मकान से करीब छह गाड़ियों की नंबर प्लेट, गाड़ियोें के लॉक तोड़ने का सामान और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए।