थाना सदर बाजार क्षेत्र के माली मोहल्ला मुर्शीदपुर में कामकाज कर लौट रहीं महिला के साथ दो युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म का प्रयास किया, विरोध करने पर महिला को पीट-पीट कर अधमरा कर दिया। इसी बीच एक किशोर के शोर मचाने पर आरोपी भाग खड़े हुए। महिला को गंभीर हालत में आगरा रेफर किया गया। उधर, इसी घटना स्थल के पास शाम को एक किशोर बेहोशी की हालत में मिला। होश आने पर उसने बताया कि महिला के साथ हुई घटना का विरोध करने पर आरोपियों ने उस पर भी हमला बोल दिया।
महिला (30) थाना सदर बाजार के अंतर्गत गांव दामोदरपुरा की रहने वाली है और घरों में चौका-बर्तन करती है। बुधवार को दोपहर में करीब 12 बजे खेतों के बीच बने चक रोड से होकर घर लौट रही थीं। तभी दो युवकों ने उसे झाड़ियों में खींच लिया। महिला की चीख पुकार सुनकर पहुंचे एक किशोर ने शोर मचाया तो युवक भाग खड़े हुए। मौके पर एकत्र हुए लोगों ने देखा कि महिला मरणासन्न अवस्था में पड़ी हुई थी।
लोगों ने पुलिस और उसके पति को सूचना दी। महिला के पति का कहना है कि उसकी किसी से कोई दुशमनी नहीं है, उन्होंने दुराचार के प्रयास का विरोध करने पर घटना होने की आशंका जताई। उधर, शाम को इस घटना के स्थल से कुछ दूरी पर एक किशोर भूरा (16) बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। होश आने पर उसने बताया कि दोपहर में वह भी महिला की चीख पुकार सुनकर मौके पर पहुंचा था, उसने देखा कि दो युवक महिला के मारपीट और जबरदस्ती कर रहे थे। उसे देख युवक उसके पीछे दौड़े और उसे पकड़ लिया। उसके कपड़े उतार लिए और उनसे उसका गला घोटने का प्रयास किया। उसके बाद सिर में किसी वस्तु से प्रहार किया, जिससे वह बेहोश हो गया।
घटनास्थल बिखरा था खून
घटनास्थल के निकट ही चक रोड पर खून बिखरा पड़ा था। महिलाओं द्वारा बालों में लगाई जाने वाली चिमटी वहां पड़ी थी। इससे कुछ दूरी पर एक डंडा पड़ा था, जोकि रक्त से सना हुआ था। जिस खेत में महिला मिली, वहां खून से सना दुपट्टा, ईंट और डंडे का दूसरा टुकड़ा भी मिला। इसके साथ ही महिला की दोनों चप्पले भी वहां अलग-अलग पड़ी हुई थीं।
मरा समझकर छोड़ गए थे भूरा को
दोपहर 12 बजे महिला के साथ घटना हुई थी और शाम को किशोेर भूरा बेहोश मिला। भूरा के पिता केसर सैनी ने बताया कि उसका पुत्र दोपहर से गायब था। जब काफी देर तक वह घर नहीं लौटा तो उसे ढूंढने का प्रयास किया गया। शाम को वह घायलावस्था में खेत में पड़ा हुआ मिला। बताया कि महिला के साथ जबरदस्ती करते देख लेने के बाद दोनों युवकों ने उसके पुत्र को जान से मारने की नीयत से गला दबाया था। बेटे के बेहोश होने पर दोनों युवक संभवत: उसे मरा हुआ जानकर चले गए। भूरा के कपड़ों पर खून के निशान मिले हैं। बताया कि पुलिस को सूचना दे दी गई है।