थाना हाईवे क्षेत्र के गांव सतोहा में रात में कच्छा-बनियानधारी गिरोह के छह से अधिक बदमाशों ने धावा बोल दिया। इस दौरान गांव में घरों के बाहर सो रहे लोगों को पीटकर बंधक बनाया और लूटपाट की। विरोध करने पर एक वृद्ध की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दूसरे को गंभीर रूप से घायल कर दिया। वृद्ध अपनी दो नातिन को सावन के महीने में ससुराल से ले जाने आया था। पुलिस मामले को संदिग्ध परिस्थितियों में की गई हत्या बता रही है।
गांव बेरी निवासी भोपाल सिंह (65) के पुत्र हरेंद्र सिंह ने अपनी दो बेटी पिंकी और शोभा की शादी दो साल पहले थाना हाईवे के गांव सतोहा निवासी युवक मनोज और भूरा पुत्र पिल्लू के साथ की थी। भोपाल सिंह पिंकी ओर शोभा को रविवार शाम घर ले जाने के लिए सतोहा पहुंचे। रात को भोपाल सिंह, पिल्लू, पिल्लू के पड़ोसी जगदीश के यहां किराए पर रहने वाला गुड्डू और दो अन्य लोग घर के बाहर चबूतरे और खड़ंजे पर सो रहे थे। रात में करीब 11:30 बजे छह से अधिक कच्छा-बनियानधारी बदमाशों ने गांव पर धावा बोल दिया।
उन्होंने पिल्लू और अन्य लोगों पर टॉर्च लगाकर चकाचौंध कर दिया। इसके बाद पिल्लू की पिटाई की। बचाने आई उनकी पत्नी माया की पिटाई कर दी और दोनों को बांधकर जेवरात और 18000 रुपये लूट लिए। इसके बाद बदमाशों ने आगे सो रहे गांव इगरारा निवासी गुलाब सिंह और लोधा निवासी गुड्डू व उसकी पत्नी सखी को पीटा। इन्हें भी जेवरात और मोबाइल लूटने के बाद बांध दिया।
इस दौरान जागे भोपाल सिंह ने एक बदमाश के सिर पर अपनी लाठी से प्रहार किया। इससे बदमाश घायल हो गया। तभी दूसरे बदमाश ने भोपाल सिंह को गोली मार दी। गुलाब और पिल्लू किसी तरह मुक्त होकर सड़क की ओर भाग गए। गोली चलने की आवाज सुनकर ग्रामीण आ गए।
इसी दौरान गांव सतोहा से गुजर रही गश्ती दल को पिल्लू ने अवगत कराया। पुलिस ने अधिकारियों को सूचना दी। पुलिस व ग्रामीणों को आता देख बदमाश भाग गए। गोली लगने से भोपाल सिंह की मौत हो गई। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भेजा और भोपाल के शव का पोस्टमार्टम कराया।
सूचना पर हाईवे पुलिस, सीओ रिफाइनरी आरके गौतम, एसपी सिटी शैलेश पांडेय और एसएसपी डा. राकेश सिंह मौके पर पहुंच गए और बदमाशों की तलाश में जंगल में कांबिंग कराई। मामले में पिल्लू ने तीन बदमाशों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सतोहा में बदमाशों की गोली लगने से वृद्ध की मौत हुई है। घटना कच्छा-बनियानधारी गिरोह की नहीं है। घटना संदिग्ध परिस्थितियों में की गई हत्या है। हत्यारे शीघ्र पकड़े जाएंगे।
डा. राकेश सिंह
एसएसपी