थाना मगोर्रा क्षेत्र के गांव सोन के युवक अंगेश की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में दर्जनों ग्रामीण युवक का शव लेकर एसएसपी आवास पहुंच गए। उनका आरोप है कि युवक को गांव के हरेंद्र ने जबरन जहरीला प्रसाद खिलाया है। एसएसपी के आदेश पर हरेंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।
गांव सोन के 21 वर्षीय युवक अंगेश कुमार पुत्र स्व. तेज बहादुर की रविवार दोपहर अचानक तबियत खराब हो गई। परिवारीजनों ने उसे लाइफ लाइन और बाद में यमुनापार स्थित अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। रविवार दोपहर उसके शव को लेकर दर्जनों ग्रामीण एसएसपी आवास आ गए और शव गेट पर रख दिया।
अंगेश की मां श्रीमती देवी का आरोप है कि उसके बेटे अंगेश और मामा बल्टीकरी बलदेव निवासी पूरन सिंह संग गांव के कुछ लोगों ने मारपीट की और गांव के हीरो उर्फ हरेंद्र ने प्रसाद में उसके बेटे को कुछ खिला दिया। इससे उसकी मौत हो गई। श्रीमती ने इस संबंध में एसएसपी को तहरीर दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है और बिसरा प्रिजर्व कराया है।
एसएसपी आवास पर मां हुई बेहोश
मथुरा। एसएसपी आवास पर शिकायत लेकर आई अंगेश की मां श्रीमती देवी बेहोश हो गईं। उन्हें होश में लाने के लिए साथ आई महिलाओं ने पानी आदि छिड़का।