रिफाइनरी के बिटुमिन प्लांट से दो सप्ताह पहले 184 बिटुमिन भरे ड्रम चोरी कराने के प्रमुख आरोपी बच्चू सिंह निवासी पीलुआ सादिकपुर को पुलिस ने पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया है। सीओ रिफाइनरी ने बच्चू से घंटो पूछताछ की। इसमें तेल माफिया और 19 लोगों के नाम बिटुमिन चोरी में सामने आए हैं।
सोमवार को पूछताछ में बच्चू ने सीओ रिफाइनरी प्रीति प्रियदर्शिनी और रिफाइनरी पुलिस को बताया कि 13 फरवरी की रात में उसने अपने आका के इशारे पर 19 साथियों के साथ प्लांट से 184 ड्रम चोरी किए थे। इनको दो ट्रक में ले जाकर छाता स्थित एस्सार कंपनी के डीलर के यहां उतार दिए।
बता दें कि 16 फरवरी को एसएसपी मंजिल सैनी द्वारा डाली गई दबिश में पूरा माल बरामद हुआ था। मामले में पुलिस ने बिटुमिन प्लांट के प्रोडक्शन मैनेजर रामकिशन यादव सहित सात लोगों को जेल भेजा था। मुख्य आरोपी बच्चू सिंह ने पांच दिन पहले कोर्ट में सरेंडर किया। पुलिस कस्टडी रिमांड में घंटों पूछताछ के बाद रिफाइनरी के अन्य सुरक्षा कर्मियों और अधिकारियों के नाम सामने आने की बात पता चली।