मथुरा। इंडिया मार्ट चेन्नई की बेवसाइट पर ई-शॉपिंग के जरिए गिरिराज पर्वत की शिलाएं बेचने के आरोपियों को पकड़ने के लिए गोवर्धन पुलिस की एक टीम ने नोएडा और मथुरा में दबिश दी। हालांकि पुलिस के हत्थे कोई नहीं चढ़ सका। इतना जरूर है कि इसकी भनक लगते ही इंडिया मार्ट के सीईओ और एजेंट फरार हो गए हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फेसबुक पर गिरिराज शिलाओं की बिक्री को लेकर मैसेज वायरल होते ही गोवर्धन समेत जिलेभर में उबाल आ गया था। आस्था से खिलवाड़ को लेकर गिरिराज जी के भक्तों ने थाने का घेराव करके विरोध जताया था। इसके बाद इंडिया मार्ट के सीईओ ब्रजेश अग्रवाल व दिनेश अग्रवाल निवासी इंटरमेस लिमिटेड प्लॉट-22, सेक्टर 135 नोएडा और मथुरा के छत्ता बाजार की पीरपंच गली निवासी अंकुर अग्रवाल के खिलाफ थाना गोवर्धन में संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया था।
हालांकि पुलिस ने जांच के लिए साइबर टीम को भी शामिल कर लिया। सोमवार की शाम को गोवर्धन पुलिस की एक टीम ने सीईओ की गिरफ्तारी के लिए नोएडा में दबिश दी, पर यहां दोनों ही पुलिस के हाथ नहीं लग सके। इसके बाद पुलिस की टीम ने मथुरा के छत्ता बाजार की पीरपंच गली में दबिश दी। यहां से भी एजेंट अंकुर अग्रवाल फरार हो चुका था। पुलिस जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
साइबर टीम ने जुटाए तथ्य
साइबर टीम ने इस मामले में तथ्य एकत्रित करने शुरू कर दिए हैं। उम्मीद है कि जल्द ही जांच पूरी होते ही पुलिस अपनी कार्रवाई को आगे बढ़ाएगी। साइबर प्रभारी नितिन कसाना ने बताया कि फिलहाल तथ्य एकत्रित किए जा रहे हैं। जल्द ही जांच पूरी कर ली जाएगी।
जल्द ही हाथ लगेंगे तीनों आरोपी
गोवर्धन पुलिस की एक टीम ने नोएडा और मथुरा में दबिश दी है। फिलहाल इंडिया मार्ट के सीईओ और एजेंट हाथ नहीं लग सके हैं। जल्द ही तीनों पुलिस की गिरफ्त में होंगे। - श्रीशचंद, एसपी देहात।