मथुरा। शहर के पॉश इलाके डैंपियर नगर में व्यापारी और कृष्णानगर में महिला के गले से अपाचे सवार लुटेरों ने सोने की चेन तोड़ ली। शहर में दो जगह चेन लूट की वारदात से पुलिस सुरक्षा की कलई खुल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस केवल जानकारी जुटा रही है।
लखनऊ के इंदिरानगर निवासी सौमित जायसवाल पेशे से व्यापारी हैं। उनकी पत्नी मथुरा में प्राइमरी स्कूल में अध्यापिका है। अहिल्याबाई होल्कर चौराहे के पास किराए पर रह रही पत्नी से मिलने आए व्यापारी अपनी कार के पास ही खड़े थे कि तभी पीछे से आए अपाचे सवारों ने गले पर झपट्टा मार दिया। व्यापारी ने संभलते ही तोड़ी गई चेन को पकड़ लिया। लेकिन लुटेरे आधी चेन तोड़कर भाग खड़े हुए।
व्यापारी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जानकारी जुटाई। व्यापारी की माने तो बालक चला रहे लुटेरे ने हेलमेट लगा रखा था तो पीछे बैठे लुटेरे ने मास्क से चेहरा छुपा रखा था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। इन अपाचे सवार लुटेरों ने कृष्णानगर के मेहता नर्सिंग होम के पास बीएसए कॉलेज रोड निवासी शिल्पी अग्रवाल पत्नी अजीत अग्रवाल के गले से चेन तोड़ ली और फरार हो गए। शिल्पी नर्सिंग होम में भर्ती अपनी भाभी को देखने के लिए आई थीं। सीओ सिटी वरुण कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। जल्द ही चेन लुटेरे पुलिस की गिरफ्त में होंगे।