मथुरा। कोसीकलां पुलिस ने जब्त शराब के गायब होने संबंधी एक और मुकदमा दर्ज किया है। यह मुकदमा भी कोसीकलां कोतवाली प्रभारी द्वारा दर्ज कराया गया है। वहीं एसएसपी ने अमित आनंद को नया चौकी प्रभारी नियुक्त किया है।
पुलिस द्वारा सत्यापन का पहला राउंड खत्म होने पर सात मुकदमों की गायब 2285 पेटी शराब के संबंध में कोसीकलां कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। कोतवाली प्रभारी आजाद पाल सिंह ने यह मुकदमा अज्ञात के खिलाफ दर्ज कराया है। जानकारी रहे कि इस माल मुकदमा में गायब होने की जानकारी अधिकारियों को पहले से ही थी।
वहीं कोटवन चौकी पर कोतवाली में तैनात दरोगा अमित आनंद को तैनात किया गया है। एसपीआरए श्रीश चंद्र ने बताया कि सत्यापन में गायब मिले माल मुकदमा के संबध में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पूरा सत्यापन सीओ के निर्देशन में सात दिन में पूरा हो जाएगा।
विष्णु पर दर्ज हैं शराब तथा आर्म्स एक्ट के मामले
गिरफ्तार किए गए अजीजपुर निवासी शराब तस्कर विष्णु पर दो मुकदमे कोसीकलां कोतवाली में दर्ज हैं। इनमें से एक मुकदमा 60 आबकारी अधिनियम 2017 तथा दूसरा मुकदमा 25 आर्म्स एक्ट 2018 का है। वहीं फैक्टरी के चौकीदार थान सिंह पर बिजली चोरी का मामला दर्ज है। पुलिस अन्य थानों में भी मुकदमों की छानबीन कर रही है।