वृंदावन (मथुरा)। परिक्रमा मार्ग में पिछले छह माह से डेरा जमाए बाबा कमलदास की झोंपड़ी में शुक्रवार रात दो बजे आग लग गई। आग में जलकर 1.72 लाख रुपये भी राख हो गए। बाबा का आरोप है कि क्षेत्र के चार लोगों ने उसकी झोंपड़ी में आग लगाई है। इससे आक्रोशित बाबा पास ही पेड़ पर मरने के लिए चढ़ गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाबा सहित दो अन्य लोगों को हिरासत में लिया है।
कोतवाली पुलिस की हिरासत में पहुंचे रमणरेती स्थित परिक्रमा मार्ग में रह रहे बाबा का आरोप है कि उसकी झोंपड़ी में चार लोगों ने आग लगाई है। इसमें से वे एक को पहचानते भी हैं। उसके पास 1.72 लाख रुपये भी थे। मंदिर बनवाने के लिए पैसा एकत्रित किया जा रहा था। भक्त लोग यह पैसा दे रहे थे। झोंपड़ी में जलकर राख हो गए। इसलिए वे मरना चाहता था। पुलिस पकड़कर ले आई है। कोतवाल संजीव दुबे ने बताया कि बाबा कमलदास के आरोप पर दो अन्य लोग भी हिरासत में लिए हैं। पूरे मामले की जांच की जा रही है। उसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।