मथुरा। थाना हाईवे के देवीपुरा मोड़ के पास डंपर की टक्कर से बाइक सवार टाइल्स मिस्त्री की मौत हो गई। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने बाजना पुल के पास सड़क पर शव रखकर हाईवे जाम कर दिया। मांग की कि मुकदमा दर्ज करके डंपर चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया।
किशोर (46) निवासी देवीपुरा पेशे से टाइल्स का मिस्त्री था। सोमवार की देरशाम अपनी बाइक से घर लौट रहा था। देवीपुरा मोड़ के पास डंपर ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल मिस्त्री को सिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। यहां हालत बिगड़ने पर नयति हॉस्पिटल ले गए। जहां उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची हाईवे पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। पोस्टमार्टम कराने के बाद मंगलवार को शव लेकर आए परिजनों और ग्रामीणों ने बाजना पुल के पास हाईवे को जाम कर दिया। 15 मिनट तक लगे जाम की सूचना पर पहुंची हाईवे पुलिस ने समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज करके डंपर को पकड़ लिया गया है।
उधर, मथुरा-वृंदावन रोड पर पीएमवी पॉलिटेक्निक के पास ऑटो पलटने से शहर के चूड़ी वाली गली निवासी रामवीर (46) की मौत हो गई। चालक ऑटो खड़ा करने के लिए वृंदावन जा रहा था। सूचना पर पहुंची वृंदावन पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।