मथुरा। क्रेडिट कार्ड ब्लॉक कराने के लिए बैंक गई महिला के खाते से 71 हजार रुपये निकाल लिए गए। महिला ने बैंक कर्मचारियों की मिलीभगत से यह रकम निकालने का आरोप लगाया है। इसका शिकायती पत्र भी एसपी क्राइम को सौंपा है। फिलहाल एसपी क्राइम ने जांच करके रिपोर्ट दर्ज करने की बात कही है।
थाना सदर बाजार के रोटी गोदाम निवासी नीतू गोस्वामी पत्नी वृषभान गोस्वामी का खाता घीयामंडी में स्टेट बैंक में है। नीतू 10 फरवरी को बैंक में क्रेडिट कार्ड ब्लॉक कराने गईं थीं। यहां महिला कर्मचारी ने दो हेल्पलाइन नंबर दिए और कहा कि इन नंबरों पर फोन करके क्रेडिट कार्ड ब्लॉक करा सकती हैं। नीतू ने फोन किया तो पता चला कि आपका क्रेडिट कार्ड ब्लॉक हो चुका है।
11 फरवरी को एक नंबर से फोन आया कि आपके क्रेडिट कार्ड को ब्लॉक कराने की अनुमति चाहिए तो पीड़िता ने हां कर दी। उसके बाद 12 फरवरी की शाम को फिर फोन आया। इसके बाद मैसेज आया कि आपके खाते से 71 हजार रुपये निकल गए। बृहस्पतिवार को पीड़िता ने एसपी क्राइम राधेश्याम राय से मुलाकात करके अपने साथ हुई धोखाधड़ी के बारे में बताया और बैंक कर्मचारियों पर मिलीभगत का आरोप लगाया। एसपी क्राइम ने बताया कि जांच करके पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।