मथुरा। लॉकडाउन के दौरान एक्सप्रेसवे पर मरी गायों से लदे कंटेनर के मिलने के मामले ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी। हरियाणा का कंटेनर आगरा से नोएडा जा रहा था। कंटेनर में चार दर्जन गोवंशीय पशु थे, जो मरे हुए मिले हैं। सुरीर थाना क्षेत्र में 80 माइल स्टोन पर सुबह सात बजे कंटेनर खड़ा हो गया। शाम चार बजे बदबू आने पर ग्रामीणों ने हंगामा किया।
नौ घंटे तक एक्सप्रेसवे किसी सुरक्षाकर्मी की नजर लावारिस कंटेनर पर नहीं पड़ी। बड़ा सवाल यह भी है कि लॉकडाउन के दौरान कंटेनर की एक्सप्रेसवे पर कहीं चेकिंग नहीं हुई। एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा के तमाम दावे किए जाते हैं, जिनकी समय-समय पर हवा निकलती रही है। शुक्रवार को भी सुरक्षा के दावों की पोल खुल गई।
आगरा से नोएडा जा रहा कंटेनर सुबह सात बजे सुरीर थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के माइल स्टोन 80 पर खड़ा हो गया। कंटेनर में चार दर्जन गायें थीं। एक्सप्रेसवे पर वाहनों का आवागमन जारी था। हो सकता है कि तमाम अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों की गाड़ियां भी वहां से गुजरी हों, लेकिन किसी की नजर कंटेनर पर नहीं पड़ी। इस तरह एक्सप्रेसवे की सुरक्षा को लेकर फिर तमाम सवाल खड़े हो गए हैं।
तो क्या भीषण गर्मी से मर गईं गाय
मथुरा। एक्सप्रेसवे पर खड़े कंटेनर को नौ घंटे बाद खोलने पर पता चला कि उसमें चार दर्जन गायें थीं। सुबह सात बजे जब कंटेनर खड़ा हुआ था तब बदबू नहीं आ रही थी इसका अर्थ है कि तब तक गोवंशीय जिंदा थे। शाम चार बजे बदबू आने पर ग्रामीणों ने हंगामा किया तब कंटेनर से गायों के शव निकाले गए। इससे यही लगता है भीषण गर्मी में बंद कंटेनर में पशुओं ने दम तोड़ा होगा। चूंकि शुक्रवार को तापमान 44 डिग्री था इस कारण इससे इनकार नहीं किया जा सकता कि कंटेनर में बंद गाय भीषण गर्मी से मरी हों।