फोटो-55 तरौली स्थित स्वामी बाबा गोशाला में ग्रामीणों व गोशाला संचालक नारायण दास से बातचीत करते एस?
- फोटो : MATHURA
चौमुंहा (मथुरा)। गांव तरौली के स्वामी बाबा मंदिर की गोशाला में गायों के बीमार होकर मरने का सिलसिला थम नहीं रहा है। मंगलवार को एसडीएम हनुमान प्रसाद मौर्य, सीओ जगदीश कालीरमन और कोतवाली प्रभारी रवि त्यागी गोशाला पहुंचे। पशु चिकित्सकों की टीम ने बीमार गायों का इलाज किया। एसडीएम ने ग्रामीणों को गोशाला संचालन के लिए कमेटी बनाने के लिए कहा और सरकारी मदद दिलाने का आश्वासन दिया।
गोशाला के सात गोवंश चारे-पानी व इलाज के अभाव में मर गए। उन्हें गोशाला से निकाल कर पानी से भरे गड्ढे में फेंक दिया। किसी ने इसका वीडियो बना कर वायरल कर दिया और एसडीएम को भी जानकारी दी। मंगलवार को एसडीएम, सीओ व कोतवाली प्रभारी ने गोशाला का निरीक्षण किया। यहां गड्ढे से गायों के शवों को निकलवा कर जेसीबी से गड्ढा खुदवा कर दफनाया गया।
गोशाला के संस्थापक बल्लभदास के गोलोकवासी होने के बाद यहां के हालत दिन-प्रतिदिन बिगड़ते चले गए। कई महीने से चारे-पानी के अभाव में गोवंश दम तोड़ रहा है।