मथुरा। मथुरा जिला अस्पताल में 18 अप्रैल को आई रैपिड टेस्ट किट की पहली खेप से 18 लोगों की जांच हुई। लेकिन 22 अप्रैल को आए आदेश के बाद जिला प्रशासन ने किट से जांच करने पर रोक लगा दी। वहीं कोरोना जांच के लिए आईं किट को वापस भेज दिया गया है।
कोरोना संक्रमण की जांच के लिए मंगाई गईं 200 रैपिड टेस्ट किट 18 अप्रैल को जिला अस्पताल पहुंची। इस किटसे राजस्थान के कोटा से आए 8 छात्र-छात्राओं के साथ 10 स्थानीय लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसके माध्यम से जांचकर्ताओं ने रोगी की 15 से 20 मिनट में जांच कर रिपोर्ट दे दी।
जिला अस्पताल में हुईं सभी 18 जांच रिपोर्ट निगेटिव आईं। 22 अप्रैल को केंद्र सरकार के आदेश के बाद जिला अस्पताल प्रशासन ने इन रैपिट टेस्ट किट के प्रयोग पर रोक लगा दिया और अगले ही दिन बची 182 किट को सीएमओ कार्यालय भेज दिया। इधर जिन लोगों की जांच की गई थी, उन सभी के सैंपल पुन: अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज भेजे गए हैं।
- अधिकारियों के आदेश के बाद रैपिड टेस्ट किट को वापस भेज दिया गया है। अब लोगों के सैंपल जांच के लिए अलीगढ़ भेजे जा रहे हैं। - डॉ. आरएस मौर्य, सीएमएस, जिला अस्पताल।