मास्क की कालाबाजारी के संदर्भ में निरीक्षण करते औषधि निरीक्षक।
- फोटो : MATHURA
मथुरा। विश्व में फैले कोरोना वायरस का डर मथुरावासियों को भी सता रहा है। लोगों में इस बीमारी के भय का लाभ दवा विक्रेता भी उठा रहे हैं। जनपद में मास्क की कालाबाजारी जोरों से चल रही है। मास्क की कालाबाजारी की शिकायत पर सोमवार को औषधि निरीक्षक ने मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर बंद करा दिया।
औषधि निरीक्षक मथुरा को जिला अस्पताल के सामने बंसल मेडिकल स्टोर की कालाबाजारी की शिकायत मिल रही थी। शिकायत पर औषधि निरीक्षक अनिल कुमार आनंद ने सोमवार दोपहर इस मेडिकल पर एक बच्चा भेजकर दो मास्क मंगवाए। मेडिकल संचालक ने 10 रुपये वाला मास्क 50 रुपये व 50 रुपये वाला मास्क 250 रुपये लेकर बच्चे को बेच दिए। मास्क के साथ मेडिकल संचालक ने कोई बिल नहीं दिया।
औषधि निरीक्षक ने पाया कि 50 रुपये वाले मास्क की कीमत 10 रुपये व 250 रुपये वाले मास्क की कीमत 50 रुपये थी। इस पर उन्होंने मेडिकल स्टोर से मास्क व दो दवाओं के सैंपल ले लिए। मेडिकल स्टोर संचालक ने एक नेता के जरिए औषधि निरीक्षक पर दबाव बनाने की कोशिश की। औषधि निरीक्षक ने दबाव को दरकिनार मेडिकल स्टोर के खिलाफ कार्रवाई की। औषधि निरीक्षक अनिल कुमार आनंद ने बताया कि मौके से मिले मास्क को सील कर दिया गया है। मेडिकल स्टोर पर फार्मासिस्ट न मिलने पर अग्रिम आदेश तक दुकान को बंद रखने के आदेश भी दिए हैं। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में भी शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए पड़ताल की जाएगी।