मथुरा में कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। रविवार को कोरोना संक्रमित पूर्व ज्वाइंट कमिश्नर समेत सात लोगों की मौत हो गई। वहीं, 31 नए संक्रमण के मामले सामने आए हैं। जनपद में कोरोना संक्रमित मृतकों का आंकड़ा 21 तक पहुंच गया है।
रविवार सुबह आई रिपोर्ट के मुताबिक पॉजिटिव केसों में शहर के बंगालीघाट क्षेत्र स्थित कंपू घाट से एक ही परिवार के तीन सदस्य संक्रमित मिले हैं। इनमें 52 वर्षीय महिला, 72 वर्षीय वृद्धा और 27 वर्षीय युवक शामिल है। महाविद्या कॉलोनी निवासी न्यायालय में पेशकार के परिवार के चार सदस्य संक्रमित मिले हैं। इनमें 72 वर्षीय पिता, 70 वर्षीय मां, पत्नी और एक साल की बच्ची शामिल है।
चौक बाजार से 51 वर्षीय महिला, 52 व 46 वर्षीय दो पुरुष, बालाजीपुरम से 23 वर्षीय युवक, गोवर्धन चैराहा स्थित हाईवे प्लेटिनम से 64 वर्षीय व्यक्ति की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आई है। पॉश कॉलोनी राधापुरम एस्टेट से 42 वर्षीय महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
कृष्णा नगर से 58 वर्षीय व्यक्ति, 20 वर्षीय युवक, कोतवाली सौंख रोड से 21 वर्षीय युवक और होलीगेट अंदर होली वाली गली से 32 वर्षीय व्यक्ति के अलावा 70 वर्षीय वृद्ध की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। सदर से 68 वर्षीय वृद्ध, दामोदरपुरा से 41 वर्षीय व्यक्ति की संक्रमण की पुष्टि हुई है।