सौंख में बनाया हॉटस्पॉट एरिया।
- फोटो : MATHURA
मथुरा। शहर के प्रमुख बिल्डर के परिवार सहित 11 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनकी जांच रिपोर्ट निजी लैब से आई है। इसमें सौंख में 61 वर्षीय वृद्ध महिला के साथ कोसी, राया और नंदगांव, चौमुहां, नवादा, वृंदावन में मिले कोरोना पॉजिटिव भी शामिल हैं। इस तरह रविवार को चार प्राइवेट लैब से तथा सात सरकार लैब के मुताबिक पॉजिटिव आए हैं। इस तरह संख्या 249 हो गई है।
रविवार की शाम आई रिपोर्ट में कोसी निवासी एक व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके साथ ही नंदगांव के नौ साल के बालक के साथ ही राया के सादाबाद रोड निवासी युवती भी कोरोना संक्रमित मिली है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तीनों को आइसोलेट करते हुए परिवार को क्वारंटीन किया गया है। सौंख क्षेत्र में एक और वृद्ध महिला कोरोना पॉजिटिव निकली है।
महिला की जांच निजी लैब से कराई गई थी। रविवार की शाम रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम वृद्धा के घर पहुंची और उसे आइसोलेट किया है, जबकि परिवार को क्वारंटीन किया गया है। इनके अलावा नवादा के 38 वर्षीय प्रवासी, चौमुहां निवासी 35 वर्षीय प्रवासी, वृंदावन की 62 वर्षीय महिला तथा गोविंद कुंज निवासी 49 वर्षीय स्वास्थ्य कर्मी भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।
इस तरह जनपद में संक्रमितों की संख्या 249 हो गई है। इनके अलावा निजी लैब से आई जांच रिपोर्ट में महाविद्या कॉलोनी निवासी शहर के नामी बिल्डर सहित परिवार के 3 सदस्यों की पॉजिटिव रिपोर्ट आई है। उक्त बिल्डर श्रीराम लीला सभा और अग्रवाल शिक्षा मंडल के बड़े पदाधिकारी हैं।