जीएलए विश्वविद्यालय का चतुर्थ दीक्षांत समारोह 22 दिसंबर को मनाया जाएगा। कुलपति प्रोफेसर दुर्ग सिंह चौहान ने बताया कि विश्वविद्यालय स्थित आडिटोरियम में होने वाले इस समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन जयराम गडकरी होंगे।
इसमें वर्ष 2015 में आयोजित विभिन्न पाठ्यक्रमों के सफल विद्यार्थियों को 15 गोल्ड मेडल, 14 सिल्वर मेडल और 1580 उपाधियां प्रदान की जाएंगी। एमटेक, एमफार्मा, बीफार्मा सहित बीएससी के छह विद्यार्थियों को मेरिट सर्टिफिकेट प्रदान किए जाएंगे।
जीएलए विश्वविद्यालय से वर्ष 2015 में पीएचडी के तीन, एमफार्मा के नौ, एमटेक (मेकेनिकल) के सात, एमटेक (आईसीटी) के पांच, एमटेक (सीएस) के 27, एमबीए के 186, एमसीए के 96, एमएससी (बायोटेक) के 23, बीबीए के 90, बीसीए के 37, बीकॉम (ऑनर्स) के 40, बीएड के 68, बीएससी (बायोटेक) के 23, बीफार्मा के 14, बीटेक (सिविल इंजीनियरिंग) के 152, बीटेक (इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग) के 46, बीटेक (मेकेनिकल इंजीनियरिंग) के 272, बीटेक (इलेक्ट्रानिक्स एंड कम्यूनिकेशन) के 230, बीटेक (ईएन) के 42, बीटेक (कंप्यूटर इंजीनियरिंग एंड एप्लीकेशन) के 210 विद्यार्थियों की उपाधि अनुमोदित की गई है।
कुलपति ने बताया कि उपाधियां और स्वर्ण पदक प्रदान करने के बाद विशिष्ट अतिथि नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी दिल्ली के कुलपति और भारतीय विश्वविद्यालय संघ (एआईयू) के अध्यक्ष प्रोफेसर रनवीर सिंह संबोधन देंगे। मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री नितिन जयराम गडकरी का दीक्षांत भाषण होगा। दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलाधिपति नारायण दास अग्रवाल करेंगे।
शैक्षिक शोभायात्रा से होगी शुरुआत
दीक्षांत समारोह के कार्यक्रम की रूपरेखा के बारे में कुलपति प्रोफेसर दुर्ग सिंह चौहान ने बताया कि शुरुआत शैक्षिक शोभायात्रा के आगमन, दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना से होगी। इसके बाद कुलाधिपति नारायण दास अग्रवाल द्वारा दीक्षांत समारोह के प्रारंभ की उद्घोषणा, कुलपति द्वारा विश्वविद्यालय की प्रगति प्रतिवेदन, मानद उपाधि प्रदान करना, उपाधि प्रमाण पत्र वितरण, शपथ ग्रहण, पदक वितरण, मुख्य अतिथि द्वारा दीक्षांत संबोधन, धन्यवाद ज्ञापन, कुलाधिपति महोदय द्वारा दीक्षांत समारोह के समापन की घोषणा से होगा। राष्ट्रीय गान और शैक्षिक शोभायात्रा का प्रस्थान होगा।