कोसीकलां। बिजली के पोल पर काम करते समय करंट लगने से संविदाकर्मी की उपचार के दौरान दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में मौत हो गई। मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने धानौता बिजलीघर पर मृतक के शव को लेकर बैठ गए और नारेबाजी की। बाद में एक्सईएन ने मृतक के परिजनों को पांच लाख रुपये के मुआवजे का चेक दिया। इसके बाद अंतिम संस्कार किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार रामपुर बढ़ा निवासी प्यारेलाल (34) धानौता बिजलीघर पर संविदाकर्मी के रूप में तैनात था। 12 दिसंबर को गांव रामपुर में पोल पर काम करते समय करंट लगने से गंभीर रूप से झुलस गया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों नेेेे उसे दिल्ली रेफर कर दिया। जिंदगी औैर मौत से जूझते प्यारेलाल ने रविवार की रात में दम तोड़ दिया।
सोमवार को उसका शव गांव पहुंचा जहां से ग्रामीण धनौता बिजलीघर पर लेकर बैठ गए औैर मुआवजे की मांग को लेकर नारेबाजी करने लगे। इसकी जानकारी एक्सईएन एनके सिंह को हुई तो वह मौके पर पहुंच गए। परिजनों, ग्रामीणों से वार्ता कर हर संभव मदद का आश्वासन देकर पांच लाख रुपये का चेक परिजनों को सौंप दिया। जब जाकर ग्रामीणों ने प्यारेलाल का अंतिम संस्कार किया।