बुकिंग के बावजूद उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर नहीं मिल रहे हैं, जिससे लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने एजेंसी पर कालाबाजारी का आरोप लगाते हुए प्रशासन से जांच और कार्रवाई की मांग की है।
मथुरा के छाता तहसील क्षेत्र में बुकिंग के बाद भी लोगों को सिलिंडर नहीं मिल रहे हैं। गांव नोगांव के लोगों का आरोप है कि गैस एजेंसी संचालक बुकिंग कंफर्म होने के बाद भी सिलिंडर उपलब्ध नहीं करा रहा है। लोगों ने कालाबाजारी का भी आरोप लगाया है।
विज्ञापन
स्थानीय निवासी उमेश शर्मा, लव शर्मा, प्रेमपाल, रामेश्वर, राजकुमार आदि ने एजेंसी प्रबंधन पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा है कि एजेंसी पर कुछ अनधिकृत लोग सक्रिय हैं। सामान्य उपभोक्ताओं को स्टॉक खत्म होने की बात कहकर लौटाया जा रहा है। जबकि ऊंचे दामों पर सिलिंडरों को ब्लैक में बेचा जा रहा है। इससे स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मामले का संज्ञान लेने कार्रवाई की मांग की है। ताकि आम लोगों को राहत मिल सके। आपूर्ति इंस्पेक्टर मोहन प्रकाश उपाध्याय ने बताया कि सभी एजेंसियों पर सिलिंडरों का पर्याप्त स्टॉक है। संबंधिक एजेंसी की जांच कराएगी। खामी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।