कोसीकलां। करीब 150 वर्ष पुराने आगरा-कैनाल पुल के जर्जर होने के बाद अब यहां नए पुल का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। कोसी-शेरगढ़ मार्ग पर स्थित यह पुल मरम्मत के अभाव में जर्जर हो चुका था। करीब 3 करोड़ 23 लाख 35 हजार रुपये की लागत से नए पुल का निर्माण होगा।
शेरगढ़ रोड पर पचास से अधिक गांवों को जोड़ने वाला आगरा कैनाल पुल के नीचे के हिस्से से ईटें गिर रही हैं, तो ऊपर एक-एक फीट के गहरे गड्ढे हो गए हैं। 1873 में निर्मित इस पुल का कार्यकाल 50 वर्ष पहले समाप्त हो चुका है। जबकि इस मार्ग से ही 100 टन तक भार वाले वाहन गुजर रहे हैं। यह पुल हरियाणा एवं कोसी क्षेत्र को जोड़ने वाला एक मात्र मार्ग है।
अलीगढ़, खैर, टप्पल, बुलंदशहर आदि स्थानों का यातायात भी इसी पुल के जरिए गुजरता है। इस सड़क पर प्रतिदिन करीब 2 से 3 हजार छोटे बडे़ वाहन गुजरते हैं। पुल पर हर समय जाम लगा रहता है।
इस संबंध में केबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण के प्रतिनिधि नरदेव चौधरी ने शासन से पुल के तत्काल निरीक्षण और निर्माण की मांग की थी। उनकी मांग पर सुनवाई करते हुए प्रदेश सरकार ने नाबार्ड योजना के तहत पुल के निर्माण को मंजूरी दे दी।