मथुरा। शहर में ब्लैक स्टोन की करीब 250 करोड़ रुपये की बेशकीमती जमीन पर चारदीवारी का निर्माण हो रहा है। कृष्णापुरी चौराहे के समीप मेथोडिसट चर्च से लगी 51400 वर्गमीटर भूमि पर कुछ माह से रुका निर्माण कार्य शुरू होने पर पार्षद की शिकायत पर नगर निगम की टीम ने नोटिस चस्पा कर दिया है।
इस मामले में भाजपा पार्षद हेमंत अग्रवाल ने नगर आयुक्त अनुनय झा से चारदीवारी होने की शिकायत की। बृहस्पतिवार को नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त राजकुमार मित्तल ने तत्काल प्रभाव से आदेश करते हुए प्रधानाचार्या ब्लैक स्टोन कन्या इंटर कॉलेज और प्रबंधक सेंट्रल मेथोडिस्ट चर्च को बिना एनओसी लिए निर्माण कार्य करने पर नोटिस जारी कर दिया है।
इस विवादित भूमि को लेकर बीते साल 24 नवंबर को नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त राजकुमार मित्तल ने डीएम को प्रेषित पत्र में निर्माण कार्य को रुकवाकर उच्च स्तरीय जांच के लिए अनुरोध करते हुए स्पष्ट किया था कि उक्त संपत्ति पर नगर निगम का कोई अधिकार नहीं है। इसके पश्चात जमीन पर निर्माण कार्य रोक दिया गया था। लेकिन पुन: वर्तमान में तेजी से निर्माण कार्य चलने को लेकर चर्चाएं व्याप्त हैं। सहायक नगर आयुक्त राजकुमार मित्तल ने बताया कि नोटिस चस्पा करा दिया गया है। निर्माण कार्य बिना एनओसी के नहीं होगा, कार्रवाई होगी।