वृंदावन। श्रीबांकेबिहारी के दर्शनों एवं आरती के समय में बुधवार को कार्तिक मास की दूज तिथि से परिवर्तन हो जाएगा। जहां एक ओर श्रीबांकेबिहारी मंदिर हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी ने बदला गया समय निर्धारित कर मंदिर के द्वार पर चस्पा किया है, उधर कमेटी के सदस्य एवं सेवायत गोस्वामी इसका विरोध कर पुराने ही शीतकालीन समय पर मंदिर के पट खोलने की बात कह रहे हैं।
सेवायत गोस्वामियों ने मंदिर कमेटी को इस संबंध में पत्र भेजा है। श्रीबांकेबिहारी मंदिर हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी ने 11 नवंबर बुधवार आज से मंदिर के शीतकालीन समय में दर्शन का समय निर्धारित कर मंदिर के सभी द्वारों पर चस्पा कराया है। मंदिर प्रबंधन द्वारा जारी समय सारणी के अनुसार सुबह 8 बजे से दोपहर 1.30 बजे, सायं कालीन दर्शन शाम 4 बजे से रात्रि 9 बजे तक निर्धारित किए हैं।
इधर मंदिर कमेटी के सदस्य एवं मंदिर सेवायतों ने समय के बदलाव का विरोध किया है। इस संबंध में एक पत्र कमेटी के अध्यक्ष को भेजा है। इसमें सेवायत गोस्वामियों ने कहा कि मंदिर की प्राचीन परंपराओं से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। जो पूर्व में शीतकालीन समय चला रहा है उसी समय में ठाकुरजी के पट खोले जाएंगे।
उनके अनुसार सुबह 8.45 से दोपहर 1 बजे तक एवं शाम को 4.30 से 8.30 बजे तक रहेगा। मंदिर कमेटी के सदस्य एवं सेवायत हिमांशु गोस्वामी, रजत गोस्वामी, गोपेश गोस्वामी एवं शैलेंद्र नाथ गोस्वामी ने लिखे में कहा कि सर्वोच्च न्यायालय द्वारा 26 मई को पारित आदेश आलोक में गोस्वामी सदस्यों की सहभागिता एवं मंदिर की धार्मिक परंपराओं का सम्मान सुनिश्चित किया जाना अपेक्षित है। इसके बावजूद गोस्वामी सदस्यों से प्राप्त समय सारिणी की अनदेखी कर एकतरफा निर्णय लिया सुप्रीम कोर्ट के आदेश की भावना एवं अनुपालन की अवहेलना करने जैसा प्रतीत हो रहा है।