मथुरा। गोविंद नगर थाना क्षेत्र में फ्रीजर का कम्प्रेशर फट गया। हादसे में फ्रीजर ठीक कर रहे मैकेनिक की मौत हो गई, जबकि मकान मालिक घायल हो गया। तेज धमाके की आवाज सुनकर क्षेत्र में अफरातफरी का मच गई। पुलिस ने घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
जनकपुरी निवासी बृजमोहन अग्रवाल का सरस्वती कुंड के पास कान्हा माखन स्कूल के पीछे आइसक्रीम का गोदाम है। गोदाम में रखा फ्रीजर खराब हो गया था। बृजमोहन ने सोमवार को उसे ठीक कराने के लिए मैकेनिक को बुलाया। फ्रीजर ठीक करने के दौरान अचानक तेज धमाका हो गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास घरों में मौजूद लोग बाहर निकल आए।
पुलिस ने दिल्ली के जनकपुरी निवासी मैकेनिक रोहित और बृजमोहन जो लहूलुहान पड़े को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने रोहित को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजन को सूचना देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ सिटी आशना चौधरी ने बताया कि घायल का उपचार चल रहा है। साथ ही मामले की जांच की जा रही है।