सौंख। स्नातक के छात्र को सॉल्वर बताने और केस दर्ज उसे जेल भेजने का मामले में पीड़ित पिता ने पंजीकृत डाक से पत्र भेजकर जिलाधिकारी से शिकायत की है। पीड़ित पिता के अनुसार, 24 फरवरी को सुबह करीब 7:45 बजे उनका बेटा जो कि स्नातक प्रथम वर्ष का छात्र है, हनुमान मंदिर दर्शन करने जा रहा था। रास्ते में जनता विद्यालय इंटर कॉलेज के पास बोर्ड परीक्षा की भीड़ देखने के लिए रुक गया।
आरोप है कि कॉलेज के बाहर से ही पुत्र को पकड़कर प्रधानाचार्य ने विद्यालय के बरामदे में बैठा दिया।यहां उसे पुलिस ले गई। बाद में छोड़ने के एवज में 50 हजार मांगे गए। असमर्थता जताने पर पूर्व थाना प्रभारी मोहित तोमर ने बेटे को दूसरी पारी में हिंदी के पेपर में सॉल्वर बताकर जेल भेज दिया गया। वर्तमान में पूर्व थाना प्रभारी एक शख्स को फर्जी ढंग से भेजने के मामले में लाइन हाजिर हैं।
-परीक्षा केंद्र पर सुबह की पाली में 6 और शाम की पाली में 1 लड़के को पकड़ा गया था। सभी को प्रधानाचार्य ने पुलिस को सौंप दिया था। देर रात 5 को छोड़ दिया गया और दूसरे दिन 2 लड़कों को जेल भेज दिया गया। शिक्षकों द्वारा रुपये मांगने का मामला संज्ञान में नहीं है। ओमवीर सिंह, प्रबंधक , जनता विद्यालय इंटर कॉलेज मगोर्रा
-डिग्री कॉलेज के छात्र को सॉल्वर बनाकर जेल भेजने का मामला संज्ञान में नहीं है। अगर ऐसी कोई घटना हुई है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी। आलोक कुमार गुप्ता, प्रशिक्षु पीपीएस व थाना प्रभारी मगोर्रा