मथुरा। विकास खंड फरह की ग्राम पंचायत चौकीपुरा में पंचायत सहायक भर्ती में गड़बड़ी की शिकायत एक आवेदक ने डीपीआरओ धनंजय जायसवाल से की। शिकायत पर डीपीआरओ ने तत्काल चयन प्रक्रिया पर रोक लगा दी है। साथ ही मामले में पंचायत सचिव से जवाब मांगा है। उन्होंने कहा कि अगर गड़बड़ी की पुष्टि हुई तो प्रक्रिया दोबारा कराई जाएगी।
चौकीपुरा में पंचायत सहायक पद पर चयन के लिए आवेदन लिए गए थे। शिकायत करने पहुंचे गांव निवासी सतीश ने बताया कि उसने तीन अन्य आवेदकों के साथ अपना आवेदन और अभिलेख ग्राम पंचायत सचिव को सौंपे थे लेकिन इसके बाद भी उनके अभिलेख गायब कर किसी अन्य का चयन कर लिया गया है। आरोप है कि उनकी मेरिट अधिक होने के कारण अभिलेख गायब किए गए हैं।
अगर अभिलेख गायब न किए जाते तो उनका चयन तय था। जिस आवेदक का चयन किया गया उसकी मेरिट उनसे कम है। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीपीआरओ ने तत्काल पंचायत सचिव को बुलाकर अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिकायतकर्ता को आश्वासन दिया कि अगर गड़बड़ी की गई है तो पूरी चयन प्रक्रिया दोबारा से पारदर्शिता के साथ कराई जाएगी।