कोसीकलां। कोटवन औद्योगिक क्षेत्र में एसडीओ से फुंके ट्रांसफार्मर की शिकायत करना उद्यमियों को भारी पड़ गया। एसडीओ और उद्यमी ने एक-दूसरे पर मारपीट करने तथा अभद्रता करने का आरोप लगाया है। एसडीओ ने उद्यमी के खिलाफ अभद्र व्यवहार करने तथा जान से मारने की तहरीर दी है। वही उद्यमियों ने एसडीओ पर अभद्रता करने तथा परेशान करने का आरोप लगाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस को दी तहरीर में एसडीओ मनीष कुमार सिंह ने कहा कि बुधवार शाम करीब 5 बजे वह जेई राहुल साहू के साथ अधीनस्थों को निर्देशित कर रहे थे तभी वहां कोसी-कोटवन इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के सदस्य अजय पाल सिंह आ गए और अभद्रता करने और जान से मारने की धमकी देने लगे। सरकारी वाहन में बैठते समय गाड़ी के दरवाजे से दबा दिया जिससे उसके चोट आ गईं। उधर, कोसी-कोटवन इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के अध्यक्ष ध्रुव पांचाल ने बताया कि कोटवन औद्योगिक क्षेत्र में 15 दिसंबर को एलटी लाइन का ट्रांसफार्मर फुंक गया। इससे करीब 25 इकाइयां बंद पड़ी हैं। कई बार अधिकारियों को अवगत कराने के बाद कोई कार्रवाई नही हुई। इसकी शिकायत पर एसडीओ अभद्रता करने लगे। वहां काफी लोग एकत्रित हो गए और मामले को रफा-दफा कराया। उन्होंने एसडीओ का स्थानांतरण कराने की मांग की है।