महेशोत्सव कार्यक्रम में आयोजित शतरंज प्रतियोगिता में भाग लेते प्रतिभागी।
मथुरा। जिला माहेश्वरी सभा, मथुरा द्वारा आयोजित पंचदिवसीय महेशोत्सव के अंतर्गत रविवार को विभिन्न आयु वर्गों के लिए आयोजित प्रतियोगिताओं में उत्साह और उमंग का माहौल रहा। बच्चों, युवाओं, महिलाओं और पुरुषों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में संस्कार, संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों को बढ़ावा देना रहा।
प्रतियोगिताओं में तीन से पांच वर्ष के बच्चों के लिए नमस्ते या बड़ों का सम्मान अभिनय प्रतियोगिता, पांच से आठ वर्ष के बच्चों के लिए शिव श्लोक एवं स्तुति प्रतियोगिता तथा नौ से 13 वर्ष के बच्चों के लिए संस्कार एवं नैतिकता आधारित कहानी वाचन प्रतियोगिता आयोजित की गई। वहीं 14 से 20 वर्ष के युवाओं के लिए वाद-विवाद, 18 से 35 वर्ष की युवतियों के लिए एकल नृत्य और विवाहित महिलाओं के लिए पाक-कला प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रहीं। युवाओं के लिए रील एवं शॉर्ट वीडियो मेकिंग, बच्चों के लिए म्यूजिकल चेयर और मजेदार दौड़, शतरंज, कैरम तथा 10 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लिए डम्ब शराड्स (वॉलीवुड मूवीज) प्रतियोगिता भी हुई।
कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजनों एवं पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। जिला माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष प्रशांत माहेश्वरी, सचिव निखिल गांधी और कोषाध्यक्ष देवेंद्र राठी के साथ माहेश्वरी युवा संगठन एवं महिला मंडल के पदाधिकारियों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। महिला मंडल की अध्यक्षा शिप्रा राठी के नेतृत्व में कार्यक्रम का सफल संचालन किया गया। प्रतियोगिताओं का निष्पक्ष मूल्यांकन निर्णायक मंडल ने किया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों, अभिभावकों, निर्णायकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए समाज की एकता, संस्कृति और संस्कारों के संरक्षण के लिए ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया गया।