गैस एंजेसी से एलपीजी सिलेंडर लेकर जाता युवक।
वृंदावन में पिछले सात दिन से रसोई गैस सिलिंडर की किल्लत शुरू हो गई है। उपभोक्ता गैस एजेंसियों के चक्कर काट रहे हैं। वहीं व्यवसायिक एलपीजी सिलिंडर की आपूर्ति पर रोक लग जाने से आश्रम, होटल एवं रेस्टोंरेंट संचालकों को चिंता सताने लगी है। आश्रमों में गैस के स्थान पर लकड़ी और गोबर के उपले का प्रयोग करने पर जोर दिया जाने लगा है।
नगर की गैस एजेंसियों को सात मार्च से व्यवसायिक गैस सिलिंडर की आपूर्ति पर रोक लगी है। एजेंसियों में उपलब्ध सिलिंडर की आपूर्ति खत्म हो चुकी है। एजेंसियों के पास व्यवसायिक सिलिंडर दो दिनों से उपलब्ध नहीं है। वहीं घरेलू गैस सिलिंडर की भी किल्लत का सामना लोग करने लगे हैं। लोगों को बुक करने के सात दिन बाद भी सिलिंडर उनके घर तक नहीं पहुंच पा रहा है। उपभोक्ता एजेंसियों के चक्कर लगा रहे हैं। वहीं गैस सिलिंडर पर बढ़ी 60 रुपये कीमत को लेकर भी लोगों को आशंका है कि अभी कीमत और बढ़ सकती हैं। इसे लेकर भी लोग सिलिंडर बुक कर प्राप्त करने का हर संभव जतन कर रहे हैं।
सात दिन बाद भी नहीं मिला सिलिंडर
वनखंडी क्षेत्र निवासी विष्णु शर्मा ने बताया कि उन्होंने पांच मार्च को गैस सिलिंडर आस्था गैस एजेंसी से बुक कराया था, सात दिन बीत जाने के बाद भी उन्हें सिलिंडर नहीं मिल रहा है। सोमवार को एजेंसी के कर्मचारी ने बताया कि सिलिंडर की आपूर्ति नहीं आई है। आने पर सिलिंडर पहुचाएंगे। वहीं गौरानगर निवासी सोमनाथ ने बताया कि चार मार्च को गैस सिलिंडर ऑन लाइन बुक किया लेकिन छह दिन बीत जाने के बाद भी नहीं मिला है। वह इसकी शिकायत करने के लिए एजेंसी के चक्कर काट रहे हैं।
व्यवसायिक सिलिंडर की आपूर्ति पर रोक
रेस्टोरेंट संचालक ज्योति भारती ने बताया कि व्यवसायिक सिलिंडर की आपूर्ति पर रोक लग जाने से व्यवसाय को लेकर चिंता सता रही है। रेस्टोरेंट कर्मचारियों को भी गैस की बचत करने को कहा गया है। गैस खत्म हो जाने पर वह लकड़ी और कोयला से श्रद्धालुओं के लिए भोजन उपलब्ध कराएंगी। घर के लिए घरेलू गैस सिलिंडर की आपूर्ति उन्हें बुक करने के डेढ़़ माह के बाद मिल सकी है। महंत ने बताया कि आश्रम में भंडारे अनवरत रूप से चलेंगे। गैस सिलिंडर न मिलने पर आश्रम की रसोई में लकड़ी, गोबर के उपले और कोयला का उपयोग करेंगे। इसकी व्यवस्था की जा रही है।
घरेलू सिलिंडर की बढ़ी समय सीमा
वृंदावन गैस एजेंसी के प्रबंधक केसी जैन ने बताया कि 19 किलो क्षमता के व्यवसायिक गैस सिलिंडर की आपूर्ति सात मार्च से बंद है। एजेंसियों के पास भी अब व्यवसायिक गैस सिलिंडर उपलब्ध नहीं है। उच्च स्तर से अब घरेलू गैस सिलिंडर की आपूर्ति की समय सीमा दस दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दी है। अब लोग गैस सिलिंडर डिलीवर मिलने के 25 दिन बाद ही दूसरे गैस सिलिंडर बुक कर सकेंगे। इससे पहले वेबसाइट बुक ऑर्डर स्वीकार नहीं करेगी।