आइए, थोड़ा सा वक्त अपने शहर के लिए निकालें। आज तीर्थस्थल के लिए जो दौड़ना है। टैंक चौराहे से होलीगेट तक होगी मैराथन। हिस्सा लेगा पूरा शहर। सभी संगठनों की भागेदारी हो रही है। संत समाज भी इस मुहिम से बड़ी संख्या में जुड़ा है। ‘तीर्थस्थल घोषित हो अपना मथुरा’। अमर उजाला इस मुद्दे को लेकर अभियान चला रहा है। शासन से लेकर प्रशासन तक
गूंजने लगी है तीर्थस्थल की मांग। मथुरा के मंत्री और विधायकों ने इस मुद्दे को मुख्यमंत्री के समक्ष भी रखा है। मुख्यमंत्री ने भी भरोसा दिया है कि जल्द ही कोई निर्णय ले लिया जाएगा। शनिवार को इस मुद्दे पर अमर उजाला मैराथन दौड़ करा रहा है। सुबह को 6 बजे से टैंक चौराहे से दौड़ शुरू होगी। होलीगेट पर आकर दौड़ खत्म हो जाएगी। इस मैराथन में पुलिस और
प्रशासनिक अफसरों के साथ सभी सामाजिक, धार्मिक, सियासी और व्यापारिक संगठन हिस्सा ले रहे हैं। कई संस्थान भी हमारी इस मुहिम में शामिल हो गए हैं। सभी संगठनों ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि बड़ी संख्या में इस मैराथन में हिस्सा लें। क्योंकि ये मुद्दा पूरे शहर का है। हर कालोनी, मुहल्ले, गली और घर का है।