डीएम राजेश कुमार ने जवाहर बाग में शहीद हुए एसपी सिटी मुकुल द्विवेदी और एसओ फरह संतोष कुमार के परिजनों को 50-50 लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। एक करोड़ की यह राशि जनपद के सभी अधिकारी और कर्मचारियों के सहयोग से एकत्रित होगी।
इधर आपरेशन जवाहर बाग की जांच के लिए शासन की ओर से नियुक्त किए गए जांच अधिकारी अलीगढ़ कमिश्नर चंद्रकांत पांच जून को मथुरा आ रहे हैं। वह यहां घटनास्थल जवाहर बाग के निरीक्षण के अलावा इस मामले में लोगों के बयान भी लेंगे।
प्रकरण में शासन ने कमिश्नर आगरा को जांच अधिकारी नियुक्त किया था, लेकिन चंद घंटे बाद ही यह जिम्मेदारी अलीगढ़ के कमिश्नर को दे दी गई। कमिश्नर अलीगढ़ इस मामले में प्रारंभिक जांच शुरू करेंगे। घटना के संबंध में जानकारी देने के लिए उनसे 5 जून को पूर्वाह्न 10:30 से अपराह्न 3:30 बजे तक मथुरा स्थित लोक निर्माण विभाग के डाक बंगला पर मिल सकता है।