कृष्ण की नगरी मथुरा में गुलाबी सर्दी ने दस्तक दे दी है। सुबह की शुरूआत घने कोहरे से हो रही है, तो वहीं सर्द हवाओं से ठिठुरन बढ़ गई है। प्रशासन ने लोगों को गर्म कपड़े पहनकर घर से निकलने की सलाह दी है।
मथुरा में अचानक मौसम का मिजाज बदल गया है। जबरदस्त कोहरा पड़ा जो सुबह लगभग 11 बजे छाया रहा। वाहन चालक भी गर्म कपड़े पहन कर घरों से निकले। इधर, जिला प्रशासन ने लोगों ने मंगलवार को मौसम सर्द रहने के कारण गर्म कपड़े पहनकर घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।
विज्ञापन
कृषि केंद्र के शोध सहायक राजवीर सिंह ने बताया कि अगले दिनों में कोहरा छाए रहने की उम्मीद है। इसके साथ ही तापमान में कमी आएगी। उन्होंने बताया कि कोहरा और हवा की वजह से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आई है। सोमवार को अधिकतम 27 डिग्री और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कोहरे के साथ बढ़ा प्रदूषण का स्तर
कोहरा, धुंध और धुएं की वजह से प्रदूषण स्तर और खराब हो गया। सोमवार दोपहर 233 और शाम होने तक प्रदूषण का स्तर 173 एक्यूआई पर बना रहा। इसकी वजह धुंध और धुआं बताया जा रहा है।
विज्ञापन
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने की गाइडलाइन जारी
मौसम विभाग ने मंगलवार को भी कोहरा छाए रहने की आशंका जाहिर की है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने इसके लिए एडवाइजरी जारी की है। सांस एवं फेफड़ों से संबंधित बीमारी वाले लोगों को विशेष सावधानी की बरतने की आवश्यकता है। वाहन चलाते समय सावधानी बरतें एवं फॉग लाइट का प्रयोग करें।
ट्रेन लेट होने से दैनिक यात्री हुए परेशान
कोहरे के कारण मथुरा-कासगंज मार्ग पर ट्रेनों का समय गड़बड़ा गया। इसके कारण दैनिक यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा। वैसे तो आए दिन ट्रेन लेट होती हैं, लेकिन सोमवार को कोहरे होने के कारण अधिक लेट हो गई। मथुरा कासगंज रेल मार्ग पर प्रतिदिन हजारों यात्रियों का सफर करते हैं। दैनिक यात्री संजय वर्मा ने बताया कि वह रोज मथुरा जाते हैं, लेकिन आए दिन ट्रेनों के देरी से आने से परेशान हैं। छावनी प्रभारी हेमराज मीना ने बताया कि कभी कभार आगरा से आते समय ट्रेन लेट हो जाती है।
सुबह कोहरे होने के कारण हाईवे पर वाहनों की रफ्तार को लगी लगाम
कोहरे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर वाहनों की रफ्तार पर लगाम लगा दी। जो वाहन हाईवे पर फर्राटा भरते थे उनके चालक अपने वाहनों की धीमी गति से चलाते दिखाई दिए।