मथुरा। कान्हा की नगरी जितनी न्यारी है, उससे भी न्यारी ब्रज की होली है। शुक्रवार को सीएम योगी आदित्यनाथ इसी ब्रज की होली (रंगोत्सव) का बरसाना की लड्डू होली से शुभारंभ करेंगे। ब्रजवासियों को संबोधित करने से पहले सीएम राधारानी के दर्शन भी करेंगे। बृहस्पतिवार शाम को मुख्यमंत्री के आगमन का कार्यक्रम जारी हो गया। इससे पूर्व दिन भर अधिकारी तैयारी में जुटे रहे।
शुक्रवार को सीएम योगी आदित्यनाथ गोरखपुर से वायुयान द्वारा आगरा के खेरिया हवाईअड्डे पर पहुंचेंगे। यहां से हेलिकॉप्टर से वह सुबह 11.35 बजे बरसाना पहुंचेंगे। सबसे पहले वे रोपवे के माध्यम से 11.50 बजे राधारानी मंदिर पहुंचकर दर्शन और पूजन करेंगे। राधारानी मंदिर में सीएम विश्व प्रसिद्ध लड्डू की होली भी खेलेंगे। पूजन के बाद वह राधा बिहारी इंटर कॉलेज पहुंचेंगे। सीएम 12.25 बजे यहीं से रंगोत्सव का शुभारंभ करेंगे, साथ ही ब्रजवासियों को संबोधित भी करेंगे। दोपहर 1 बजे सीएम लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस चले जाएंगे जहां कुछ देर रुकने के बाद 1.30 बजे हेलिकॉप्टर से खेरिया हवाईअड्डे के लिए रवाना हो जाएंगे।
बरसाने में हेलिपैड बनाने का काम भी पूरा कर लिया गया। डीएम चंद्रप्रकाश सिंह और एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय लगातार तैयारियों का जायजा लेते नजर आए। दूसरी तरफ सीएम को सुनने के लिए ब्रजवासी भी उत्साहित हैं।