मथुरा। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद का कार्यालय भवन बनकर तैयार है। करीब नौ करोड़ की लागत से बने इस भवन का जल्द ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उद्धाटन करेंगे। इसके लिए पर्यटन विभाग के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से समय मांगा गया है। संभावना है कि मुख्यमंत्री जुलाई के प्रथम सप्ताह में मथुरा आ सकते हैं। वे इस मौके पर विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्धाटन भी करेंगे।
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद पिछले करीब सात साल से ब्रज विकास के विभिन्न प्रोजेक्ट पर काम कर रहा है। राज्य सरकार की अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं परिषद के माध्यम से जनपद के धार्मिक एवं पौराणिक महत्व के स्थलों पर पर्यटन विकास की दृष्टि से क्रियान्वित की जा रही है। मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के अध्यक्ष हैं, जबकि उपाध्यक्ष के रूप में रिटायर्ड आईपीएस शैलजाकांत को नियुक्त किया गया है।
अब तक परिषद का कार्यालय विकास प्राधिकरण कैंपस में संचालित हो रहा था, लेकिन अब नवीन भवन बनकर तैयार हो गया है। तहसील सदर के निकट जवाहरबाग से पहले बनाया गया कार्यालय परिसर बहुमंजिला है। बेसमेंट में पार्किंग की व्यवस्था की गई है, जबकि प्रथम तल पर सीईओ सहित परिषद के विभिन्न अधिकारियों के कार्यालय कक्ष बने हुए हैं। ऊपरी मंजिल पर परिषद के अध्यक्ष मुख्यमंत्री और उपाध्यक्ष का कार्यालय भवन तथा मीटिंग हॉल बनाए गए हैं।