भरतपुर/मथुरा। राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा परिजनों के साथ शुक्रवार देर रात सड़क मार्ग से गोवर्धन परिक्रमा मार्ग स्थित डीग जिले के गांव पूंछरी पहुंंचे। रात में विश्राम के बाद शनिवार सुबह पूंछरी स्थित श्रीनाथजी मंदिर में प्रभु का दूध से अभिषेक कर प्रदेश में खुशहाली की कामना की। इंद्रमान भंग गिरिराजजी की भी पूजा अर्चना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूंछरी में जल्द विकास कार्य कराए जाएंगे। विकास में धार्मिकता की तस्वीर नजर आएगी। इस दौरान राजस्थान के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेड़म, श्रीनाथजी मंदिर के सेवायत चंदू मुखिया, राम कौशिक ने सीएम का स्वागत भी किया। इस अवसर पर गणेश पहलवान, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सत्येंद्र गोयल आदि मौजूद रहे। अभिषेक के बाद मुख्यमंत्री भरतपुर के लुधावई जाने का कार्यक्रम था। अचानक यह कार्यक्रम रद्द हो गया। इसके बाद सीएम हेलिकॉप्टर से जयपुर के लिए रवाना हो गए।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा गिरिराज जी और श्रीनाथजी के अनन्य भक्त हैं। मुख्यमंत्री बनने के पहले से ही वे अक्सर प्रभु के दर्शन करने जाते हैं।