मथुरा। बीते दिनों से निकल रही तेज धूप के बाद बुधवार सुबह मौसम ने अचानक करवट बदल ली। सुबह से आसमान में काले बादलों का डेरा रहा। सूरज और बादलों की लुका-छिपी के बीच ठंडी और तेज हवाएं चलती रहीं। मथुरा-वृंदावन समेत कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई है। जिलेभर में दिनभर यही हाल रहा।
सुबह करीब 7 बजे से ही 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवाओं के कारण राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को ठंड का अहसास हुआ। मौसम के बदलाव से सुबह की सैर पर निकलने वाले लोग कम नजर आए। बादलों के बीच सूरज की लुकापिछपी और हल्की बारिश के कारण दिनभर फिर से ठंड का असर दिखा। बुधवार को न्यूनतम तापमान 14 डिग्री और अधिकतम 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि आगामी 24 से 48 घंटों में बारिश और गरज के साथ बूंदाबांदी हो सकती है।