मथुरा। जिला अस्पताल में स्वच्छता अभियान चलाते संत निरंकारी सत्संग के स्वयंसेवक।
- फोटो : MATHURA
मथुरा। निरंकारी बाबा हरदेव सिंह महाराज के 66वें जन्मदिन पर रविवार को निरंकारी भक्त झाड़ू लेकर अस्पताल को साफ कर चमकाने में लगे रहे।
स्थानीय प्रवक्ता किशोर स्वर्ण ने बताया कि सद्गुरु माता सुदीक्षा महाराज के मार्गदर्शन में संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन द्वारा रविवार को सफाई अभियान चलाया गया, जिसके अंतर्गत देश के लगभग साढ़े तीन लाख निरंकारी भक्तों ने अपने हाथों से सफाई कर 1266 सरकारी अस्पतालों को चमका दिया। देशव्यापी सफाई अभियान का ब्रज के लगभग एक हजार निरंकारी भक्त भी हिस्सा बने।
इसी क्रम में मथुरा के जिला अस्पताल में रविवार को प्रात: 8 बजे से निरंकारी भक्तों ने सफाई अभियान शुरू किया। उद्घाटन हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. लाल सिंह, चीफ फार्मासिस्ट एसपी गौतम, मथुरा जोनल इंचार्ज एचके अरोड़ा, प्रचारक मोहन सिंह, संचालक अशोक दयालु, शिक्षक योगेश तथा प्रवक्ता किशोर स्वर्ण ने झाड़ू लगाकर किया। इसके बाद सेवादार-भक्त सफाई में जुट गए।
मुख्य अतिथि महापौर डॉ. मुकेश आर्य बंधु ने कहा कि स्वास्थ्य और स्वच्छता का एक-दूसरे से रिश्ता है। स्वच्छता से ही हम स्वस्थ रह सकते हैं। प्रेरक दीपक सारस्वत ने कहा कि निरंकारी बाबा जी की शिक्षा का ही असर है कि निरंकारी भक्त समर्पित भाव से उत्साहित हो सफाई में जुटे।
अनछुए स्थान चमकाए
300 निरंकारी भक्तों ने अस्पताल परिसर में पान, मसाले के धब्बे धोए और पार्क को चमका दिया। इसके साथ कोसीकलां के शेरगढ़ रोड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा फरह के पं. दीनदयाल उपाध्याय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भी सफाई अभियान चलाया गया। इसके बाद बाबा हरदेव के उपकार को याद कर पौधरोपण किया।