मथुरा में मिशन शक्ति के तहत कक्षा आठ की छात्रा तनीषा को एक दिन के लिए बेसिक शिक्षा अधिकारी बनाया गया। अधिकारी की कुर्सी पर बैठकर उन्होंने प्रशासनिक जिम्मेदारियों को करीब से समझा। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता बढ़ाना है।
मिशन शक्ति के तहत मथुरा में बालिका सशक्तीकरण की एक प्रेरक तस्वीर सामने आई। पूर्व माध्यमिक विद्यालय की कक्षा आठ की छात्रा तनीषा को एक दिन के लिए जनपद का बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) बनाया गया। अधिकारी की कुर्सी पर बैठकर तनीषा ने प्रशासनिक जिम्मेदारियों को करीब से समझा। यह पहल महज प्रतीकात्मक नहीं, बल्कि बेटियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और बड़े सपने देखने का हौसला जगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
विज्ञापन
एक दिन की बीएसए बनीं तनीषा के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि बेटियां अवसर मिलने पर किसी भी जिम्मेदारी को निभाने की क्षमता रखती हैं। मिशन शक्ति का उद्देश्य भी बालिकाओं को सशक्त बनाकर उन्हें शिक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ाना है। ऐसी पहलें छात्राओं के भीतर प्रशासनिक सेवाओं और नेतृत्व के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा जगाती हैं।
इस अवसर पर जिला समन्वयक समेकित शिक्षा प्रगति मिश्रा, जिला समन्वयक सामुदायिक सहभागिता राहुल फोगाट, जिला समन्वयक एमआईएस आशीष भदौरिया, डीसी बालिका नवीन कुमार और प्रधानाध्यापिका अनुराधा शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
विज्ञापन
तनीषा की एक दिन की यह भूमिका दूसरी छात्राओं के लिए भी प्रेरणा है कि सपने केवल देखे ही नहीं जाते, बल्कि शिक्षा, लगन और अवसरों के सहारे उन्हें हकीकत में भी बदला जा सकता है।