मांट क्षेत्र में चिकिन पॉक्स का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। गांव जाबरा में दो दिन में 60 से अधिक लोग बीमार हो गए हैं। इसमें बच्चे ही नहीं बड़े भी चपेट में आ रहे हैं। प्रधान की सूचना पर शुक्रवार को पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर लगा कर पीड़ितों की जांच कर दवा वितरित की।
जाबरा में मीना, शिवानी, खुशी, अंजू, तेजवीर, गुड्डी, अजय कुमार, नमन, विष्णु, शिवकुमार, ज्योति सहित 60 से अधिक लोग बीमार हैं। पीड़ितों के शरीर पर लाल-लाल दाने उभर आए हैं। उन्हें बुखार के साथ बैचेनी महसूस हो रही है।
प्रधान बिजेंद्र सिंह ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मांट पर इसकी सूचना दी। डॉक्टरों की टीम ने शिविर लगा कर मरीजों को जांच कर दवा दी। मांट सीएचसी प्रभारी डॉ. विमल उपाध्याय का कहना है कि चिकिन पॉक्स में घबराने की जरूरत नहीं है। यह सामान्य बीमारी है। इसमें पीड़ित की साफ.-सफाई का पूरा ख्याल रखना चाहिए। मसालेदार, ऑयली खाना खाने से बचें। झाड़ फूंक और अंध विश्वास के चक्कर में कतई न पड़ें।