वृंदावन। धर्म और आस्था की नगरी वृंदावन में ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफार्म के माध्यम से मांसाहारी उत्पादों की खुलेआम आपूर्ति किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस मुद्दे पर विश्व हिंदू परिषद ने बृहस्पतिवार को परिक्रमा मार्ग स्थित चैतन्य कुटी में फूलडोल महाराज की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की।
जानकारी के अनुसार, वृंदावन के स्थानीय निवासी लक्ष्मण सिंह ने एक ऑनलाइन डिलीवरी एप पर सामान ऑर्डर किया था। इसी दौरान उन्होंने एप पर पैक्ड चिकन सेल नामक प्रोडक्ट को देखा। इसकी उपलब्धता जांचने के लिए उन्होंने चिकन मोमोज का ऑर्डर कर दिया। हैरानी की बात यह रही कि मात्र 10 मिनट के भीतर ही डिलीवरी बॉय उनके पास ऑर्डर लेकर पहुंच गया। जब पैकेट खोला गया तो उसमें मांसाहारी (चिकन मोमोज) की पुष्टि हुई।
बाद में जांच में यह सामने आया कि यह डिलीवरी एक एप के माध्यम से चैतन्य विहार स्थित पापड़ी चौराहा के समीप बने एक गोदाम से की जा रही थी। लक्ष्मण सिंह ने इसका वीडियो बनाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई तो संतों ने इस विषय पर बैठक की और साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि इस मामले में पुलिस कार्रवाई करे। संवाद