छाता। बुलंदशहर में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान, पश्चिम उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में सूरजभान सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, शिकारपुर में आयोजित 38वीं अंडर-14 कबड्डी प्रतियोगिता में छाता की टीम ने स्वर्ण पदक जीत कर इलाके का नाम रोशन किया। इस प्रतियोगिता में मेरठ, उत्तराखंड और ब्रज प्रांत की कुल 7 उत्कृष्ट टीमों ने अपना जलवा दिखाया।
प्रतियोगिता में छाता के सरस्वती विद्या मंदिर की टीम ने शानदार और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए पहले मुकाबले में उत्तराखंड की टीम को पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इसके बाद के चरणों में भी टीम ने ब्रज प्रांत और मेरठ प्रांत की टीमों को धूल चटाई। अंतिम और खिताबी मुकाबला छाता और मेरठ प्रांत की टीमों में हुआ। छाता की टीम ने बेहतरीन खेल रणनीति का परिचय देते हुए 39-55 के बड़े अंतर से मैच अपने नाम किया और स्वर्ण पदक जीता। छाता की टीम का चयन आगामी अखिल भारतीय विद्या भारती कबड्डी प्रतियोगिता के लिए हो गया है। विद्यालय प्रबंधक बच्चू सिंह, अध्यक्ष चंद्रप्रकाश, कोषाध्यक्ष डॉ. भोले सिंह और प्रधानाचार्य शशांक तिवारी ने पूरी टीम और प्रशिक्षक जगवीर चौधरी के सराहनीय योगदान की प्रशंसा की।