जिले के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधियों ने गुरुवार को गांवों में कैंप लगाकर बरसात और ओलावृष्टि से बर्बाद हुई फसल की मुआवजा राशि के चेक किसानों को वितरित किए। इस दौरान पांच बड़े खातेदारों के साथ ही 113 छोटे खातेदारों को 18 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर के हिसाब से 11,04,236 रुपये के चेक वितरित किए गए।
सुबह दस बजे सांसद हेमामालिनी, डीएम राजेश कुमार, एसएसपी मंजिल सैनी, सपा जिलाध्यक्ष गुरुदेव शर्मा, सपा गोर्वधन विधानसभा अध्यक्ष मुकेश सिंह सिकरवार आदि के साथ गांव देवी आटस पहुंचीं। यहां मनसा देवी मंदिर प्रांगण में लगाए गए कैंप में पीड़ित किसानों को चेक बांटे। चेक पाकर किसान केशवदेव, अजयचंद्र, सुखदेव, महिपाल, भुवनलाल, दीपचंद्र आदि के चेहरे पर कुछ खुशी नजर आ रही थी।
सांसद ने कहा कि मथुरा जिला प्रशासन के सराहनीय कार्य के कारण किसानों को सही समय पर सहायता राशि मिल सकी है। उन्होंने कहा कि किसानों के ऋण माफ कराने के लिए केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली से मिलेंगी। डीएम राजेश कुमार ने कहा कि यह पहली बार हुआ है जब शीघ्र सहायता राशि दी जा रही है। इस अवसर पर एसडीएम राजेश कुमार, जनार्दन शर्मा, संजय गोविल, नट्टू पंडित, मितुन पाठक, विजय आर्य, राजेश सिंह, प्रदीप गोस्वामी, वीरेंद्र सिंह, पवन पांडेय आदि उपस्थित रहे।
इसके बाद प्रशासनिक अमला ग्राम सकराया, बाबूगढ़, हनुमान गढ़ी, बिहारी का नगला पहुंचा। जहां मथुरा-वृंदावन विधानसभा के विधायक प्रदीप माथुर, डीएम राजेश कुमार और एसएसपी मंजिल सैनी के साथ ग्रामीणों को आपदा राहत कोष से राहत चेक वितरित किए गए। इस अवसर पर कांग्रेस के प्रदेश सचिव सोहन सिंह सिसौदिया, आबिद हुसैन, बिहारीकांत तिवारी आदि उपस्थित रहे।