मथुरा। साइबर अपराधियों ने फर्जी दस्तावेजों का उपयोग करके बजाज फाइनेंस कंपनी से 5 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी कर दी। ठगों ने पर्सनल लोन एप के माध्यम से धनराशि लेने के बाद खाता बंद कर दिया। जिसके दस्तावेजों का उपयोग किया गया था, उसके घर कंपनी के अधिकारी पहुंचने के बाद मामले का खुलासा हुआ। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बजाज फाइनेंस कंपनी के मैनेजर अविनाश कश्यप ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया है कि भरतपुर गेट के पास भैंस बहोरा में उनका कार्यालय है। कंपनी से 10 जनवरी 2023 को यतेंद्र नाम के व्यक्ति ने पर्सनल लोन एप के माध्यम से आधार व पैन कार्ड दस्तावेज लगाकर 5.22 लाख रुपये का लोन लिया था। इसके बाद दो माह बाद यतेंद्र ने अपना खाता बंद कर दिया।
कंपनी के अधिकारी लगातार यतेंद्र के घर पर नोटिस भेज रहे थे। नोटिस का जवाब नहीं मिलने पर जब अधिकारी उसके घर पहुंचे तो इसका खुलासा हुआ। अधिकारियों को पता चला कि लोन लेने वाला यतेंद्र नहीं कोई और है। फर्जी तरीके से उसके दस्तावेजों का उपयोग किया गया है। कंपनी के मैनेजर ने साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। साइबर थाना प्रभारी जयवीर सिंह ने बताया है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्दी ही रकम वापस कराई जाएगी।